Spread the love

राठ (हमीरपुर)। सरीला तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहरा में आज शुक्रवार को स्वामी ब्रह्मानंद सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। स्वामी ब्रह्मानंद समिति के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 4 जोड़े सादगीपूर्ण तरीके से दहेज रहित विवाह के बंधन में बंधे। इस आयोजन की क्षेत्र सहित पूरे हमीरपुर जिले में सराहना की जा रही है। सम्मेलन में किरण देवी अनघोरा ने धीरेंद्र सिंह बिहूनी के ,आराधना करोंदी ने दिनेश चुरहा के,सुनैना पहरा ने पुष्पेंद्र भड़रा के व सविता बिहूनी ने सतीश करोदी के वरमाला पहना अग्नि को साक्षी मान सात फेरे ले साथ जीवन भर साथ रहने का वचन लिया। ग्राम प्रधान अखिलेश राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी ब्रह्मानंद जी की स्मृति में यह सामूहिक विवाह सम्मेलन प्रत्येक वर्ष 15 मई को आयोजित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य सभी वर्गों की गरीब कन्याओं का विवाह संपन्न कराना है। विवाह के पश्चात नव-दंपतियों को आवश्यक उपहार भी भेंट किए जाते हैं, ताकि वे अपने नए जीवन की सुखद शुरुआत कर सकें। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि भरत अनुरागी, राठ ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अमर चंद्र अनुरागी,जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवार सत्या राजपूत, भूतपूर्व प्रधान खिलाड़ी अनुरागी , गया प्रसाद, गोरेलाल, केशव मुखिया, प्रीतम किसान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने मंगल गीत गाकर वातावरण को आनंदमय बना दिया और विवाह की रस्मों में चार चाँद लगा दिए। सादगी और सेवा भाव से भरे इस आयोजन ने समाज को दहेज जैसी कुरीतियों से दूर रहने का एक सशक्त संदेश दिया है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *