राठ हमीरपुर | जनपद के सरीला और राठ क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध वृक्ष कटान के खिलाफ रविवार और सोमवार को ताबड़तोड़ छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग की इस सक्रियता से लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
सोमवार को निरीक्षण पर निकले वन विभाग के अधिकारियों को सरीला क्षेत्र में प्रतिबंधित नीम के पेड़ों के अवैध कटान की गुप्त सूचना मिली थी। जानकारी के मुताबिक सरीला क्षेत्र के मोजा बगीपुरा इटौंरा मे माफिया प्रतिबंधित पेड़ नीम की कटान कर रहे थे। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने टीम के साथ मौके पर छापेमारी की और अवैध कटान करते हुए ठेकेदार व खेत मालिक को रंगे हाथों धर दबोचा। वन विभाग ने कटी हुई लकड़ियों को कब्जे में लेकर आरोपियों पर लाखों रुपये का जुर्माना ठोंका है। गौरतलब है कि पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत ने क्षेत्र में हो रहे निरंतर हरे पेड़ों के कटान को लेकर पत्र लिखकर गहरी नाराजगी जताई थी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। सांसद के पत्र का संज्ञान लेते हुए वन विभाग पूरी तरह चौकन्ना नजर आ रहा है।
आम की लकड़ी समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद
इससे पूर्व रविवार को भी वन विभाग ने राठ रेंज में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। राठ रेंज के वन दरोगा तोहीद खान को सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर में अवैध रूप से आम के पेड़ की लकड़ियां लादकर ले जाई जा रही हैं। सूचना पर अविलंब कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर आम की लकड़ी से लदे ट्रैक्टर को पकड़ लिया। टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर रेंज परिसर में खड़ा करवा दिया है और दोषियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में हरे पेड़ों के अवैध कटान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्रीय वनाधिकारी सरीला के नेतृत्व में जांच टीम मै सुरजीत सिंह उप क्षेत्रीय वनाधिकारी, लाखन सिंह वन दरोगा, बबलू कुमार वन दरोगा, नसीम वन रक्षक, विभांशु कटियार वन रक्षक आदि उपस्थित रहे।
