हमीरपुर। राठ विकासखंड में अव्यवस्थाओं की भरमार देखने को मिल रही है। ब्लॉक के अधिकारियों की अनदेखी और लापरवाही के चलते यहां बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं। विकासखंड परिसर में शौचालय तो बना हुआ है, लेकिन उसमें न तो पानी की कोई व्यवस्था है और न ही पानी की टंकी मौजूद है। हालात यह है कि पानी के कनेक्शन भी पूरी तरह ध्वस्त पड़े हैं, जिससे शौचालय उपयोग के लायक नहीं रह गया है और आसपास गंदगी फैली रहती है। इस स्थिति से कर्मचारियों के साथ-साथ कार्यालय आने वाले ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि शौचालय सिर्फ दिखावे के लिए बना है, जबकि हकीकत में उसका कोई उपयोग नहीं है। यह स्थिति स्वच्छता अभियान की पोल खोलती नजर आ रही है। इतना ही नहीं, पूरे विकासखंड परिसर में फैली गंदगी से लोगों का दम घुटता है और पीने के पानी की व्यवस्था न होने से आने जाने वालों के लिए और भी बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।
भीषण गर्मी के बीच पानी जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने इस मामले में भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि जब विकासखंड की यह स्थिति है, तो ग्राम पंचायतों की हालत का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। मामले में खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार पाण्डेय से बात हुई तो उन्होंने गोलमोल तरीके से जबाव दिया। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि विकासखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है।
