राठ (हमीरपुर)। कस्बा के ब्रह्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में “नशा मुक्ति युवा का विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत रविवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुरेंद्र सिंह ने की। उन्होंने कहा कि व्यसनमुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की नींव रख सकते हैं। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सकारात्मक भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह तथा इकाई द्वितीय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दुर्गेश कुमार के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान कई छात्र छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. विजय प्रताप गौतम ने भी अपने विचार रखे। अंत में उन्होंने उपस्थित करीब 100 छात्र छात्राओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।
