Spread the love

राठ (हमीरपुर)। शासन स्तर पर प्रतिबंध और लगातार सख्ती के दावों के बावजूद राठ कस्बे में प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त गुटखे का कारोबार थमता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिबंधित गुटखा खुलेआम बाजार में बिक रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सके हैं। इससे न केवल सरकारी आदेशों की अनदेखी हो रही है, बल्कि युवाओं की सेहत भी गंभीर खतरे में पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिबंधित गुटखे की खेप रोजाना सुबह एक नीले रंग की वैन समेत अन्य वाहनों के जरिए कस्बे और आसपास के क्षेत्रों के साथ दूसरे जनपदों तक पहुंचाई जाती है। इसके बाद विभिन्न दुकानों पर इसकी आपूर्ति की जाती है। लोगों का कहना है कि यह सिलसिला लंबे समय से जारी है, लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग, जीएसटी विभाग और पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते इस अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो यह और अधिक फैल सकता है। प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की खुलेआम बिक्री से युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है और कैंसर समेत अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि प्रतिबंधित गुटखे की अवैध सप्लाई और बिक्री की पुष्टि होती है तो इसमें शामिल कारोबारियों, सप्लायरों और संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही जीएसटी चोरी और अन्य वित्तीय अनियमितताओं की भी जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *