हमीरपुर– जनपद के युवा प्रतिनिधि अमन गुप्ता का चयन हरियाणा विधानसभा, चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित “महिला युवा संवाद-2026” कार्यक्रम के लिए हुआ है। इस राष्ट्रीय स्तर के मंच पर अमन गुप्ता उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए युवाओं की आवाज़ बुलंद करेंगे यह कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, नीति-निर्माण में उनकी सहभागिता बढ़ाने तथा विकसित भारत-2047 के विज़न को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। देशभर से चयनित युवा प्रतिनिधि इसमें भाग लेकर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं विकास संबंधी विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
अमन गुप्ता के चयन से हमीरपुर जनपद में खुशी का माहौल है। स्थानीय युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य लोगों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय मंच पर हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करना जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है गौरतलब है कि महिला युवा संवाद-2026 का आयोजन 31 जुलाई 2026 को हरियाणा विधानसभा, चंडीगढ़ में किया जाएगा। अमन गुप्ता वहां उत्तर प्रदेश (हमीरपुर) का प्रतिनिधित्व करते हुए युवाओं से जुड़े मुद्दों और विकास संबंधी विचारों को प्रमुखता से रखेंगे अमन गुप्ता इससे पूर्व भी लखनऊ विधानसभा में आयोजित “विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर अपनी सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे चुके हैं। उनके चयन को जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।
