राठ (हमीरपुर)। आज अषाण मास की पूर्णिमा को नगर से तीन किमी दूर माँ श्यामला देवी मन्दिर में लगने वाले एक दिवसीय मेला को लेकर एसडीएम, सीओ व तहसीलदार ने मन्दिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मन्दिर कमेटी के लोगों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
बताते चलें की नगर से लगभग तीन किमी दूर बड़ा व टोला गाँव के मौजा में स्थित माँ श्यामला देवी मन्दिर परिसर में प्रतिवर्ष अषाढ मास की पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा के दिन एक दिवसीय मेला का आयोजन होता है। जिसमें लगभग एक दर्जन गांवों के हजारों लोग आकर मन्दिर में पूजा अर्चना करने के साथ साथ मेला में खरीददारी कर चाट पकोड़े का आनंद लेते हैं। लोगों का मानना है कि जो भी व्यक्ति आज के दिन मन्दिर में माँ के चरणों पर नारियल, पान व बतासा चढ़ाता है। उसकी हर मनोकामना पूरी होती है।
जिसको लेकर एसडीएम चित्रा निर्वाल ने मन्दिर कमेटी के लोगों को परिसर में ज्यादा भीड़ इकट्ठी करने, दुकानों को व्यवस्थित तरीके से लगवाने की बात कही। जबकि सीओ राजीव प्रताप सिंह व तहसीलदार दिलीप सिंह ने मन्दिर में आने वाले वाहनों की पार्किंग, श्रद्धालुओं के आने जानेवाले मार्ग की व्यवस्था देखी। उन्होंने कहा कि पुलिस पर्याप्त मात्रा में मन्दिर के पास रहेगी। इस दौरान अराजक तत्वों की जानकारी होने पर तत्काल उन्हें सूचित करें।
इस मौके पर राठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
