राठ (हमीरपुर)। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने आज रविवार को नगर में स्थित ऐतिहासिक चौपरेश्वर धाम मंदिर का क्षेत्रधिकारी राजीव प्रताप सिंह के साथ निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।अपर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रधिकारी राजीव प्रताप सिंह, कोतवाल अनूप सिंह व समस्त संबंधित अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
