मुस्करा (हमीरपुर)। क्षेत्र में आवारा (अन्ना) मवेशियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुस्करा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेतमाल मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बाइक अन्ना जानवर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार जीजा और साले गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है जानकारी के अनुसार, मुस्करा विकासखंड के ग्राम अकौना पहाड़ी निवासी नंदराम प्रजापति (43 वर्ष) पुत्र अंतराम प्रजापति अपने साले प्रेमचंद (45 वर्ष) निवासी गिरवर के साथ अपनी भांजी के विवाह के रिश्ते की बात करने के लिए विवार गांव गए हुए थे।वहां से काम निपटाकर जब दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी मुस्करा से आगे जेतमाल मोड़ के पास अचानक सड़क पर एक अन्ना जानवर आ गया। रफ्तार तेज होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सीधे मवेशी से जा टकराई टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। हेलमेट न होने की वजह से नंदराम प्रजापति के सिर में गंभीर और जानलेवा चोटें आईं, जबकि उनके साले प्रेमचंद को भी शरीर में कई जगह गंभीर चोटें लगी हैं राहगीरों की सूचना पर तत्काल पीआरवी 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुस्करा में भर्ती कराया सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संतोष राजपूत ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर ने बताया कि नंदराम के सिर की चोट काफी गहरी है और दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर और आपातकालीन इलाज के लिए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

