हमीरपुर। मुस्करा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और बरातियों ने शव सड़क पर रखकर करीब ढाई से तीन घंटे तक जाम लगाए रखा।
जानकारी के अनुसार जालौन जिले के चंदरसी कस्बा निवासी विक्रम राजपूत के छोटे भाई दीपक राजपूत की शादी मुस्करा क्षेत्र के खड़ेही लोधन निवासी अशोक राजपूत की पुत्री के साथ राठ रोड स्थित एक पैलेस में हो रही थी। शादी समारोह में विक्रम के बहनोई राजकुमार अपनी पत्नी और 9 वर्षीय बेटे अनिकेत के साथ शामिल होने आए थे बताया गया कि जयमाला कार्यक्रम के बाद राजकुमार परिवार सहित वापस उरई जाने के लिए गेस्ट हाउस से बाहर निकले थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े अनिकेत को राठ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए बरातियों ने ट्रक का पीछा कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा के पास पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया, जबकि खलासी को पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया मृतक की मां बेटे का शव गोद में लेकर मुख्य चौराहे पर बैठ गईं। महिलाओं ने जमकर हंगामा किया और पुलिस से नोकझोंक भी हुई। सुबह करीब साढ़े तीन बजे से छह बजे तक मुख्य चौराहे पर जाम लगा रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने परिजनों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम खुल सका। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

