मुस्करा हमीरपुर। जनपद के विकास खंड मुस्करा क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी भिटारी में सांसद निधि से कराए जा रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच की मांग उठाई है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में कोटेदार रामबाबू श्रीवास के मकान से स्वर्गीय डॉ. सुघर सिंह के मकान के आगे तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि नई सड़क का निर्माण पूर्व में बनी सीसी सड़क के ऊपर ही कराया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी सड़क को हटाए बिना उसके ऊपर ही नई परत डाल दी गई है, जो तकनीकी मानकों के विपरीत है।
ग्रामीणों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि निर्माण कार्य सांसद के एक रिश्तेदार से जुड़े ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है। आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी कर घटिया मसाले का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माण में बालू के स्थान पर केवल ड्रस्ट का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती कमजोर पड़ सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से तैयार हो रही यह सड़क पहली ही बारिश में उखड़ सकती है और जगह-जगह गड्ढों में तब्दील होने की आशंका है। लोगों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी निर्माण कार्य की निगरानी नहीं कर रहे हैं, जिससे ठेकेदार मनमानी कर रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
