मौदहा हमीरपुर। विकास खण्ड क्षेत्र के ग्राम भैंसमरी में हरिजन बस्ती के लगभग एक दर्जन घरों से हाईटेंशन लाईन निकली हुई है। जिसको लेकर ग्रामीण सिसोलर पावर हाउस, उपखण्ड कार्यालय मौदहा सहित जिला मुख्यालय में शिकायतें कर चुके हैं। मंगलवार शाम अपनी छत में खेल रहा किशोर अनुराग (10)पुत्र संतोष कुमार उसी हाईटेंशन लाईन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे परिजनों द्वारा इलाज के लिए मौदहा के सरकारी अस्पताल लाया गया जहाँ पर किशोर का इलाज किया जा रहा है। बताते चलें कि पिछले सप्ताह भी एक किशोर हाईटेंशन लाईन की चपेट में आ गया था वहीं ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग किसी बडे हादसे का इंतजार कर रहा है।इस सम्बन्ध में उपखण्ड अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि, घटना दुखद है लेकिन पहले लाइन पडी थी बाद में इन लोगों ने घर बनवा लिए हैं फिर भी जो कुछ विभाग द्वारा किया जा सकता है किया जाएगा। वहीं ऐसे ही कस्बे के मोहल्ला कसौडा निवासी उमेश ओमर ने भी जर्जर मकान से बिजली का खम्भा हटाने के लिए कई बार शिकायत की है लेकिन बिजली विभाग किसी बडे हादसे का इंतजार कर रहा है।
