मौदहा हमीरपुर – मौदहा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास ग्राम छिरका के निकट ओमनी कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में हुआ। पुलिस के अनुसार, ओमनी कार हमीरपुर से महोबा की ओर जा रही थी, जबकि गिट्टी लदा ट्रक कबरई से हमीरपुर की ओर आ रहा था। सोमवार रात करीब 9:30 बजे दोनों वाहनों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई और ओमनी कार के परखच्चे उड़ गए । सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मौदहा और प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मौदहा भेजा।
हादसे में मोहन पुत्र रामसेवक निवासी उरदना, आशीष पुत्र करन सिंह निवासी डामर, जितेंद्र निवासी रिठारी और कमलेश निवासी डामर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दिलीप कुमार, रोहित और बाबू गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय हमीरपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
