Spread the love

हमीरपुर। जनपद के जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक का आयोजन मुख्यालय कलेक्ट्रेट स्थित डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में सम्पन्न हुआ। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करते हुए व्यापारिक गतिविधियों को सुगम एवं सुदृढ़ बनाना रहा।
बैठक में जीएसटी व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं भ्रांतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा व्यापारियों को नियमों की स्पष्ट जानकारी प्रदान की गई तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।नए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) में आ रही कठिनाइयों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीकरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि एक ही स्थान पर कैंप आयोजित कर व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
आयकर/आरएफआईडी आदि से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए व्यापारियों की शंकाओं का समाधान किया गया। इस दौरान व्यापार संघों द्वारा सड़क निर्माण, जल निकास हेतु नाला निर्माण, मुख्य बाजारों में शौचालय व्यवस्था, नगर क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या, ट्रांसफार्मरों का समुचित अधिष्ठापन, विद्युत ट्रिपिंग, जलापूर्ति तथा अतिक्रमण जैसी समस्याएं उठाई गईं। जिलाधिकारी ने इन सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।जिलाधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों से अपेक्षा की कि वे इस कार्य में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। साथ ही सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र के समग्र विकास हेतु एक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी कम्पोजिट प्लान तैयार किया जाए।उन्होंने जल संस्थान को निर्देशित किया कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की कोई समस्या उत्पन्न न होने पाए। आवश्यकता के अनुसार टैंकरों के माध्यम से निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।बैठक में व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के संबंध में भी जानकारी साझा की गई तथा अधिक से अधिक व्यापारियों को इस योजना से जोड़ने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं, जिन पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, उपायुक्त राज्य कर कृष्ण प्रकाश, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *