Spread the love

मौदहा (हमीरपुर)।बिवांर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव कूड़ाघर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक के दोनों पैर ज़मीन पर टिके होने की स्थिति देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।वहीं इस घटना को आनर किलिंग से जोड कर देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिवांर थाना क्षेत्र ग्राम के लदार स्थित कूडाघर में शुक्रवार एक बाहरी युवक का शव दुपट्टे से फंदे पर लटका मिलने से हडकंप मच गया। शव की स्थिति देखकर लोग दंग रह गए, क्योंकि युवक के दोनों पैर ज़मीन पर मुड़े हुए हालत में टिके हुए थे। वहीं पास में ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी हुई थी।ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना बिंवार पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटके शव को नीचे उतारकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया और बाद में परिजनों को सूचना दी।
मृतक की पहचान महोबा जनपद के पचपहरा गांव निवासी 26 वर्षीय जगदीश के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे मृतक के चचेरे भाई ब्रजपाल ने बताया कि जगदीश घर से अपनी ममेरी बहन के यहां जाने की बात कहकर निकला था।लेकिन वह यहां कैसे पहुंचा इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि शव की स्थिति देखकर ऐसा नहीं लगता कि उसने खुद फांसी लगाई है इसलिए हत्या की आशंका है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मृतक के परिजन भी इस मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात कह रहे हैं, जबकि इस आत्महत्या को लेकर आनर किलिंग की घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता ।इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी नोदलाल प्रजापति ने बताया कि, न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही तहरीर मिली है बाकि शव का पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम की कार्यवाही की गई है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *