Spread the love

हमीरपुर। सुमेरपुर नवीन गल्ला मंडी में गेहूं खरीद केंद्रों के लिए आवंटित नीलामी चबूतरा संख्या चार पर अव्यवस्था का आलम है। पूरे चबूतरे पर व्यापारियों का माल डम्प होने से खरीद केंद्रों के पास गेहूं खरीद के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। हर वर्ष इसी चबूतरे पर गेहूं खरीद केंद्र संचालित होते हैं, जहां विभिन्न एजेंसियां किसानों से खरीद करती हैं। इस बार विपणन शाखा और क्रय-विक्रय सहकारी समिति के तीन केंद्र खोले गए हैं, लेकिन क्रय-विक्रय सहकारी समिति को आवंटित स्थान पर व्यापारियों का माल भरा होने से खरीद की व्यवस्था ठप है। विपणन शाखा प्रथम के प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि चबूतरे पर न सिर्फ माल डम्प है, बल्कि साफ-सफाई का भी अभाव है। व्यापारियों का माल हटाकर दवा छिड़काव के बाद ही खरीद की तैयारी संभव है। वहीं, समिति के प्रभारी शुभम त्रिपाठी ने कहा कि आवंटित स्थान पर खरीद के लिए जगह ही उपलब्ध नहीं है।मंडी सचिव ब्रजेश कुमार निगम का कहना है कि अभी खरीद शुरू नहीं हुई है। जरूरत पड़ने पर जगह खाली कराई जाएगी और व्यापारियों को माल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2012-13 में इसी तरह की लापरवाही पर तत्कालीन जिलाधिकारी बी. चंद्रकला ने मंडी सचिव के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया था, जिसके बाद चबूतरा तत्काल खाली कराया गया था। फिलहाल किसानों के लिए बैठने तक की जगह नहीं है और खरीद शुरू होने से पहले ही व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में हैं।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *