महोबा ।जनपद में बीते दिनों स्मार्ट मीटर सहित 11 सूत्रीय जनसमस्याओं को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान महोबा-हमीरपुर-तिन्दवारी लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेन्द्र लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी से नाराज भाजपाइयों ने आज जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में इकट्ठा होकर कलेक्ट्रेट परिसर पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सपा सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सपा सांसद माफी मांगों,अखिलेश यादव शर्म करो,सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी माफी मांगों,जैसे नारे लगाये गए । इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष,सदर विधायक,ब्लॉक प्रमुख,नगर पालिका और पंचायत अध्यक्षों सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दरअसल बीते दिनों स्मार्ट मीटर सहित 11 सूत्रीय जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के आवाहन पर किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान हमीरपुर-महोबा-तिन्दवारी लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की गई थी जिसके बाद से जनपद सहित समूचे प्रदेश के भाजपाइयों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। आज कलेक्ट परिसर में इकट्ठा हुए भाजपाइयों ने महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ विभा पुरवार के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी कर सांसद अजेंद्र सिंह लोधी से बिना शर्त माफी की मांग की है।प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं द्वारा सांसद के चित्र को पैरों तले रौंद कर आक्रोश जताया गया। सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भाजपाइयों ने कहा कि प्रधानमंत्री का अपमान हम नहीं सहेंगे। देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी सपा नेताओं की मानसिकता को दर्शाता है। आज देश के प्रधानमंत्री विश्व के नेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं ये विपक्ष को सहन नहीं हो रहा है। सपा नेताओं की मानसिकता पहले भी सामने आती रही है और एक बार फिर आज सपा की मानसिकता सामने आई है। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि सपा नेता हताश हैं और अब इन्हें जनता जवाब दे चुकी है। पश्चिम बंगाल में हुई जीत के बाद विपक्ष हताश हो चुका है इसीलिए इस तरह की बयानबाजी इनके नेता कर रहे हैं। सदर विधायक सहित जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख ने सपा सांसद के खिलाफ प्रदर्शन कर समाजवादी पार्टी और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी,सदर विधायक राकेश गोस्वामी,ब्लॉक प्रमुख पनवाड़ी अंजना श्रीप्रकाश अनुरागी,कुलपहाड़ नगर पंचायत चेयरमैन वैभव अरजरिया सहित सैकड़ो की संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
