हमीरपुर – मौदहा कोतवाली कस्बे में मंगलवार दोपहर एक युवक के गहरे नाले में गिरने से हड़कंप मच गया। घटना गांधी विद्यालय रोड तिराहे के पास की है, जहां युवक अचानक नाले में गिरकर मलबे में फंस गया। युवक को नाले में गिरा देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए और उसे बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकाले जाने के बाद युवक कुछ देर तक मौके पर ही बैठा रहा, लेकिन वह अपनी पहचान नहीं बता सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बोलने की स्थिति में नहीं था, जिससे उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि कुछ समय बाद युवक वहां से चला गया, लेकिन उसकी पहचान और निवास स्थान की जानकारी नहीं मिल सकी। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
