हमीरपुर। किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के सभी निजी उर्वरक विक्रेताओं को दुकानों पर रेट बोर्ड लगाने और प्रत्येक किसान को खरीद के बाद कैश मेमो या रसीद देने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी के अनुसार दुकानों पर रेट बोर्ड ऐसी जगह लगाया जाए, जहां प्रवेश करते ही किसानों को उर्वरकों की दरें स्पष्ट दिखाई दें। इसके अलावा उपलब्ध उर्वरकों का स्टॉक भी प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। रसीद न देने या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के मुताबिक रबी सीजन 2026-27 में अब तक जनपद में 7,577 मीट्रिक टन यूरिया, 11,936 मीट्रिक टन डीएपी और 890 मीट्रिक टन एनपीके का वितरण किया जा चुका है। वर्तमान में निजी एवं सहकारी केंद्रों पर 14,096 मीट्रिक टन यूरिया, 5,356 मीट्रिक टन डीएपी और 1,758 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। इसके अलावा 1,150 मीट्रिक टन इफको डीएपी और 250 मीट्रिक टन इफको एनपीके की खेप पारादीप से हमीरपुर के लिए रवाना हो चुकी है। इसके 24 नवंबर तक महोबा रैक प्वाइंट पहुंचने की संभावना है। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि उर्वरक की उपलब्धता को लेकर परेशान न हों और फसल की जरूरत के अनुसार ही खाद खरीदें। साथ ही संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करें।