Spread the love

हमीरपुर | मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में शुक्रवार को जनपद में ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रतियोगिता में युवाओं ने अपने विचारों और प्रभावशाली वक्तव्य के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी सुशील करोलिया ने की। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. समा कौशल, डॉ. शालिनी, सुनील कुमार यादव, भूपेंद्र कुमार एवं नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन जिला विज्ञान क्लब के अध्यक्ष जीके द्विवेदी ने किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने-अपने विषयों पर तीन-तीन मिनट के ओजस्वी और प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। कड़े मुकाबले के बाद निर्णायक मंडल ने अमन गुप्ता को प्रथम, उज्ज्वल पाठक को द्वितीय और श्रेया सिंह को तृतीय स्थान के लिए चुना। कार्यक्रम के समापन पर तीनों विजेताओं को मोमेंटो और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। खास बात यह रही कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तीनों प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 में हमीरपुर जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed