हमीरपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के अंतर्गत आज दिनांक 25 अक्टूबर, 2026 को जनपद हमीरपुर में प्रथम पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अशोक कुमार ने प्रथम पाली में विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हमीरपुर तथा राजाराम इंटर कॉलेज, झलोखर स्थित परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों सहित केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं बाधारहित ढंग से संपन्न कराया जाए जनपद में प्रथम पाली की परीक्षा के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे, जिन पर 5,136 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही परीक्षा संबंधी निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया गया।
जिला प्रशासन की सतर्कता, प्रभावी निगरानी एवं समुचित व्यवस्थाओं के परिणामस्वरूप आज की प्रथम पाली की परीक्षा जनपद में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।