राठ (हमीरपुर)। सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने और गंभीर रूप से घायल होने वाले लोगों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ के अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार यादव ने लोगों से नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। डॉ. यादव के अनुसार पिछले एक वर्ष में सीएचसी की इमरजेंसी में सड़क हादसों में घायल होकर आए कई मरीजों का उपचार किया गया। इनमें शराब पीकर वाहन चलाना, तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण सामने आए। हादसों में कई लोग गंभीर फ्रैक्चर, सिर और रीढ़ की चोटों का शिकार होते हैं। कुछ की मौके पर या अस्पताल ले जाते समय मौत हो जाती है। उन्होंने बताया कि शराब निर्णय लेने की क्षमता, संतुलन और प्रतिक्रिया की गति को प्रभावित करती है। इससे चालक के साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। डॉ. यादव ने हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, रात में तेज हेडलाइट से बचते हुए सावधानी बरतने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अचानक सामने आने वाले आवारा और जंगली पशुओं से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक दुर्घटना पूरे परिवार को भावनात्मक और आर्थिक संकट में डाल सकती है। इसलिए वाहन चलाने से पहले अपनों के बारे में सोचें।