Spread the love

मुस्करा, हमीरपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को ऐंझी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्राओं ने थाना कोतवाली मुस्करा का भ्रमण कर महिला सुरक्षा, सम्मान और कानूनी अधिकारों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान छात्राओं ने एफआईआर प्रक्रिया, बंदीगृह, महिला शाखा, कंप्यूटर कक्ष और मेस का अवलोकन किया। साथ ही थाना परिसर स्थित मंदिर में दर्शन भी किए।
कोतवाली प्रभारी राम आसरे सरोज ने छात्राओं को दहेज प्रतिषेध कानून, घरेलू हिंसा सहित महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112, अग्निशमन सेवा 101, एंबुलेंस सेवा 102 और 108 के बारे में बताया। उन्होंने मिशन शक्ति के उद्देश्यों को समझाते हुए छात्राओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और निर्भीकता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
भ्रमण के दौरान कक्षा सात की पावर एंजिल यज्ञवती ने छात्राओं के दल का नेतृत्व किया। वहीं, विद्यालय की शिक्षिकाएं मंजुलता और आकांक्षा ने सुगमकर्ता के रूप में छात्राओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर दीवान लालचंद्र सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा।
प्रधानाध्यापक ब्रह्मप्रकाश यादव ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को कानून और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। छात्रा यज्ञवती ने कहा कि पहली बार कोतवाली आने पर उन्हें महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। साथ ही थाने को लेकर मन में बना डर भी दूर हुआ और उनका आत्मविश्वास बढ़ा।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed