,हमीरपुर। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के भमोरा गांव में पानी की टंकी पर भगवा ध्वज और बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का झंडा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा और गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव की पानी की टंकी पर पहले से भगवा ध्वज लगा हुआ था। इसी दौरान दूसरे पक्ष द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का झंडा लगाया गया। बताया जा रहा है कि झंडे के आकार और उसे लगाने के तरीके को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तनाव में बदल गई।
मामले की जानकारी मिलते ही सुमेरपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत की और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद को बढ़ावा न देने की अपील की। कुछ समय तक गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने के बाद स्थिति सामान्य होने लगी।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से अपने-अपने झंडे ससम्मान उतारकर निजी स्थान पर रख लिए हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांतिपूर्वक घर भेज दिया।
थानाध्यक्ष योगेश तिवारी का कहना है कि गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी रखे हुए है ताकि दोबारा किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
