Spread the love

हमीरपुर। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार जरैली मड़ैया निवासी फूलकली (55) अपने बेटे वीरू (30) के साथ मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे बाइक से बड़ागांव जा रही थीं। दोनों वहां अपने भतीजे के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक बेतवा पुल पार कर रही थी, सामने से आ रही महोबा डिपो की रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि फूलकली बाइक से गिरकर सड़क पर जा गिरीं और बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बेटा वीरू घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजन मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना पर एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, सीओ सदर राजेश कमल और नगर के चेयरमैन कुलदीप निषाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाने की कोशिशें तेज की गईं।
बताया जा रहा है कि मृतका पांच बेटियों की मां थीं। परिवार में खुशी का माहौल था, क्योंकि मंगलवार को भतीजे का तिलक और बुधवार को बारात जानी थी, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *