Spread the love

हमीरपुर – शहर से बाजार कर गांव लौट रहे एक बाइक सवार दुकानदार को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मनोज निषाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद फतेहपुर के भरसा गांव के निवासी थे और वर्तमान में थाना सजेती क्षेत्र के असवारमऊ गांव में रह रहे थे। वह गांव में परचून की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि गुरुवार की दोपहर मनोज हमीरपुर मुख्यालय बाजार में दुकान का सामान लेने आए थे। शाम करीब साढ़े चार बजे सामान लेकर बाइक से घर लौटते समय सजेती थाना क्षेत्र के जवाहर नाला के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए फरार हो गया।
असवारमऊ के ग्राम प्रधान महावीर निषाद ने बताया कि मनोज को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनोज कई वर्षों से अपने ननिहाल असवारमऊ में रह रहे थे और वहीं दुकान चलाते थे।
मृतक के परिवार में पत्नी गीता, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद पत्नी गीता बेसुध हो गईं, वहीं पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *