हमीरपुर। जिले में दबंगई और पुलिस की कथित बेरुखी से परेशान होकर एक दंपति को न्याय के लिए कलेक्ट्रेट के चक्कर काटने और भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होना पड़ा है। पीड़िता का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद जब अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की, तो उन्होंने यह कठोर कदम उठाया।
मामला मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कपसा गांव का है गांव की रहने वाली पान कुमारी का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने उसकी पुरानी दीवार को जबरन ढहा दिया और उस स्थान पर अपनी पक्की दुकान की दीवार खड़ी कर ली। पीड़िता के अनुसार, उसने निर्माण कार्य रुकवाने के लिए डायल 112, मौदहा कोतवाली पुलिस और पुलिस अधीक्षक हमीरपुर तक गुहार लगाई, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रोका गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने उनके साथ मारपीट भी की।
प्रशासनिक उपेक्षा से हताश पान कुमारी अपने पति के साथ हमीरपुर कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गई है। पीड़िता का साफ कहना है कि जब तक विवादित निर्माण को गिराया नहीं जाता और आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा
