राठ (हमीरपुर)। राठ कोतवाली क्षेत्र में उरई रोड पर ग्राम बिगवा-कुम्हरिया मोड़ के पास आज मंगलवार को दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी राठ पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने चार लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हो रही रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार कानपुर देहात जनपद की ग्राम संदलपुर निवासी धीरेंद्र कुमार (28)पुत्र ध्यान सिंह अपनी पत्नी सुधा (30) व भाई अंकित +24) के साथ चार पहिया गाड़ी में सवार हो राठ नगर में स्थित कारक देव मंदिर में अपनी पत्नी को दिखाकर वापस अपने गांव जा रहे थे। तभी की राठ उरई मार्ग में कुम्हरिया विगवां गाँव की मोड़ के पास सड़क पर अचानक आवारा पशु आ जाने से एक वाहन चालक उसे बचाने के प्रयास में रॉन्ग साइड चला गया। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। जिससे एक गाड़ी में सवार धीरेंद्र उसकी पत्नी सुधा व अंकित सहित दूसरी गाड़ी के चालक पीलीभीत जनपद की उमरिया गांव निवासी निसाद (40) पुत्र गोरेखान व उत्तराखंड राज्य के उधम सिंह नगर जनपद के ग्राम किच्छा निवासी मुंशी राम (55) पुत्र रघुवीर सिंह, रोशन लाल (60) पुत्र रामचरण शर्मा व अमित कुमार (31) पुत्र रोशन लाल घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सक ने धीरेंद्र उसकी पत्नी सुधा तथा मुंशी राम व रोशन लाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घटना के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के रॉन्ग साइड से आने के कारण दुर्घटना होना सामने आया है। हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जिनकी हालत सामान्य है। मौके पर पुलिस बल मौजूद है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
