Spread the love

हमीरपुर। प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में ऐतिहासिक बढ़ोतरी किए जाने पर जनपद के कोटेदारों में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने पर सोमवार को ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन (उचित दर विक्रेता संघ) के पदाधिकारियों और कोटेदारों ने मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री के प्रति आभार जताया।
31 अगस्त को जिलाध्यक्ष सुमंत शर्मा की अगुवाई में हमीरपुर, राठ, मौदहा और सरीला तहसील क्षेत्र के सैकड़ों उचित दर विक्रेता बारिश के बीच एकत्र हुए। संगठन के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं विभागीय मंत्री मनोज कुमार पांडेय को धन्यवाद ज्ञापन भेजा।
कोटेदारों ने कहा कि लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि लंबे समय से चली आ रही उनकी मांगों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सरकार के इस निर्णय को उचित दर विक्रेताओं के हित में ऐतिहासिक बताते हुए खुशी जाहिर की। कोटेदारों का कहना है कि लाभांश बढ़ने से उन्हें बढ़ती महंगाई के बीच कुछ आर्थिक राहत मिलेगी और राशन वितरण व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
जिलाध्यक्ष सुमंत शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं को समझते हुए लाभांश बढ़ाने का निर्णय सराहनीय है। संगठन मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री का आभार व्यक्त करता है तथा उम्मीद करता है कि भविष्य में भी कोटेदारों की अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
इस मौके पर धर्मवीर, ओमकार, किरण गिरी, मानिक चंद्र, नदीम, मुन्नालाल, अमर सिंह, सुरेंद्र, धर्मेंद्र, नितिन सिंह, अमीनुद्दीन, ममता देवी, सन्नो देवी, आशा देवी, मधु गुप्ता, कुरैश बानो सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *