राठ (हमीरपुर)। नगर के सैना रोड पर तीन सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई।
मुस्करा थाना क्षेत्र के पहाड़ी भिटारी गांव निवासी जनक सिंह का 20 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार विगत कई वर्षों से राठ कोतवाली क्षेत्र के लींगा गांव में अपने मामा के यहां रह रहा था। 29 अगस्त की शाम करीब पांच बजे वह बाइक से राठ कस्बे से लींगा गांव जा रहा था। तभी सैना रोड पर अचानक उसकी बाइक असंतुलित होकर फिसल गई और वह सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बाइक उसके सिर के ऊपर से निकल गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे गंभीर हालत में इलाज के लिये सीएचसी राठ ले गए जहां से हालत गंभीर होने पर उसे उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उरई में हालत में सुधार न होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज और वहां से ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर में बीती सोमवार की रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक खेती किसानी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसकी मौत से मां प्रभा देवी, छोटे भाई रोहित और बहनों ज्योति व आकांक्षा का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
