Spread the love

हमीरपुर। जनपद के जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने आज बेतवा नदी पर निर्माणाधीन सेतु का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, समयबद्धता तथा श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बेतवा एवं यमुना नदियों पर लगभग ₹302 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन पुलों के कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने मौके पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध न होने तथा केवल एक लॉन्चर के माध्यम से कार्य संचालित किए जाने पर उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में विलंब के संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।वही जिलाधिकारी ने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में लापरवाही एवं निर्धारित संसाधनों की उपलब्धता न कराने के लिए जिम्मेदार ठेकेदार पर नियमानुसार कड़ी पेनल्टी अधिरोपित करते हुए भुगतान में कटौती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्माण कार्य में आवश्यक क्रेन, लॉन्चर एवं अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुल के पहुंच मार्ग पर सेतु निगम द्वारा रखे गए मलबे, बोल्डर एवं अन्य निर्माण सामग्री के कारण सड़क की स्थिति खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर मार्ग से समस्त मलबा एवं निर्माण सामग्री हटाकर सड़क को आवागमन के लिए सुगम बनाया जाए।जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग खाली होते ही सड़क निर्माण/मरम्मत की आवश्यक कार्रवाई तत्काल प्रारंभ कर उसे शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन एवं राहगीरों को आवागमन में हो रही असुविधा से राहत मिल सके।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *