Spread the love

हमीरपुर– सदर कोतवाली क्षेत्र के बेतवा पुल पर सड़क पर सरेआम दबंगई का मामला सामने आया है, जहां एक स्कूल वैन चालक ने मामूली टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, बेतवा पुल पर ट्रक और स्कूल वैन के बीच हल्की भिड़ंत हो गई थी। वैन को कोई खास नुकसान नहीं हुआ, लेकिन चालक गुस्से में बेकाबू हो गया। उसने ट्रक को बीच पुल पर रुकवाया और सीधे केबिन में घुसकर ड्राइवर पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वैन चालक ट्रक ड्राइवर को केबिन के अंदर ही लात-घूसों से पीट रहा है। पीड़ित ड्राइवर हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन हमलावर नहीं रुका और लगातार मारपीट करता रहा। घटना के दौरान पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीर तमाशबीन बने रहे और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर सड़क पर हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। फिलहाल, वीडियो वायरल होने के बाद सदर पुलिस जांच में जुट गई है और जांच के बाद कार्रवाई की बात कही जा रही है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *