सरीला हमीरपुर – हनुमान मंदिर सहित पांच धार्मिक स्थलों तक जाने वाले रास्ते के निर्माण में बाधा उत्पन्न होने से नाराज टाई गांव के 50 से अधिक महिला-पुरुष मंगलवार को तहसील सरीला पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए रास्ता बनवाने की मांग की।ग्रामीणों की ओर से सतीश कुमार, रविंद्र सिंह, रामपाल, रामकुमार और शिवपाल सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव में राजेश सिंह पुत्र मलखान सिंह के मकान से बजरंगबली मंदिर, महेश्वरी मंदिर, हरदौल महाराज, खेड़ापति महाराज सहित अन्य धार्मिक स्थलों तक जाने के लिए कोई समुचित रास्ता नहीं है। इसके कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी होती है और मंदिरों की नियमित पूजा-अर्चना व साफ-सफाई भी प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि इसी वजह से मंदिरों की स्थिति भी जर्जर होती जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिस भूमि से रास्ता प्रस्तावित है, वह राम-जानकी मंदिर के नाम दर्ज है। उसके संरक्षक जलालपुर निवासी अंकी और कल्लू रास्ता निर्माण का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र पंचायत की ओर से सीसी सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन विरोध के चलते उसे रोक दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से बजरंगबली मंदिर सहित सभी धार्मिक स्थलों तक सुगम मार्ग उपलब्ध कराने और सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की। इस पर नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार ने मामले की मौके पर जांच कराकर नियमानुसार समाधान कराने का आश्वासन दिया।
