सुमेरपुर हमीरपुर – बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) के तहत निपुण लक्ष्य प्राप्त करने और बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रशिक्षण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य के निर्देशन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सभी विकासखंडों के केआरपी और एआरपी ने डायट सुमेरपुर के मेंटर्स, एसआरजी तथा एलएलएफ टीम के सहयोग से विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। प्रत्येक विकासखंड से प्रशिक्षित पांच-पांच संदर्भदाता अगस्त माह में बीआरसी स्तर पर प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों को प्रशिक्षण देंगे।कार्यक्रम के दौरान नवीन पाठ्यपुस्तकों, संदर्शिकाओं, शैक्षिक नवाचारों, चार्ट, पोस्टर तथा तकनीकी संसाधनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। समापन समारोह में सभी संदर्भदाताओं को दक्षता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।प्रशिक्षण में रमेश कुमार, रामेंद्र सिंह, प्रेमनारायण, अशोक पाल, वरुण कुमार, रामकृष्ण शुक्ल, इकबाल खान, योगेंद्र चौहान, विनीत, मुनीब, अकबर अली सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग दिया।
