हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे की सब्जी मंडी स्थित जामा मस्जिद के पास मौजूद वर्षों पुराने कुएं को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुएं की जगत को तोड़कर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया गया है। मामले में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने विरोध जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है रामेन्द्र गुप्ता, मृत्युंजय गुप्ता, महेश गुप्ता सहित अन्य लोगों ने उपजिलाधिकारी व थाना सुमेरपुर को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उक्त कुआं वर्षों पुराना है और इससे क्षेत्र के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वर्ष 2019-20 में भी कुएं को तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया गया था, लेकिन तत्कालीन एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई रोक दी गई थी।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक बार फिर कुएं की जगत को तोड़ दिया गया है। स्थानीय व्यापारियों और कस्बेवासियों ने प्रशासन से कुएं को सुरक्षित रखने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि अवैध तोड़फोड़ हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है वहीं, समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
