मुस्करा (हमीरपुर)। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राठ रोड की ओर जा रहे जितेंद्र राजपूत की बाइक के सामने अचानक एक बछिया आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले की पटिया से जा टकराई, जिससे जितेंद्र के सिर में गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मुस्करा पहुंचाया। वहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. मनोज कुशवाहा ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर की चोट गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शुरुआत में घायल की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर उनके छोटे भाई देवेंद्र से संपर्क किया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे और घायल को हायर सेंटर ले जाने की तैयारी में जुट गए।
परिजनों ने बताया कि सड़क पर अचानक आई बछिया पहले राठ रोड की ओर से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से टकराई थी। इसके बाद वह उछलकर जितेंद्र राजपूत की बाइक के सामने आ गिरी, जिससे यह हादसा हो गया।
