हमीरपुर। बिजली विभाग की अनियमितताओं से परेशान नगरवासियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। लगातार बिजली कटौती और प्री-पेड मीटर व्यवस्था से नाराज़ लोगों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
नगरवासियों का कहना है कि प्री-पेड मीटर लगने के बाद उनकी परेशानी और बढ़ गई है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एडवांस में बिल जमा करने के बावजूद भी उन्हें नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। कई बार बिना किसी सूचना के अचानक बिजली काट दी जाती है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने विशेष रूप से अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहा कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पानी भरने से लेकर खाना बनाने तक की दिनचर्या बाधित हो रही है।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सैयद शहबाज अली ने बताया कि उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि प्री-पेड मीटर व्यवस्था को समाप्त कर पुनः पोस्ट-पेड मीटर लागू किए जाएं।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र आर्थिक और शैक्षिक रूप से पिछड़ा है, जहां अधिकांश लोग मजदूरी और खेती पर निर्भर हैं। ऐसे में पहले से भुगतान करना आम लोगों के लिए संभव नहीं है। इसलिए सरकार को जनहित में इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करते हुए शीघ्र समाधान करना चाहिए।
नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
