Spread the love

हमीरपुर। गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के दावों के बीच राठ क्षेत्र के औड़ेरा–राठ और औड़ेरा–सैदपुर–बिलगायां मार्ग की बदहाल स्थिति पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि औड़ेरा–राठ मार्ग का नवीनीकरण करीब तीन वर्ष पूर्व और औड़ेरा–सैदपुर–बिलगायां मार्ग का जनवरी 2025 में कराया गया था, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद दोनों सड़कें उखड़कर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है। गांव निवासी रामशरण राजपूत, मानसिंह, अवधेश, नरेंद्र, कमलेश, जयप्रकाश, दिग्विजय सहित अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। विभागीय अधिकारियों ने कई बार आश्वासन दिया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराकर शीघ्र मरम्मत कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दृगपाल सिंह वर्मा ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *