हमीरपुर। थाना मुस्करा पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम की सक्रियता और तत्परता से भटक गई दो मासूम बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मिशन शक्ति टीम को मुस्करा चौराहे पर लगभग 6 वर्ष और 4 वर्ष आयु की दो बालिकाएं रोती हुई एवं बिना किसी अभिभावक के मिलीं। टीम दोनों बच्चियों को सुरक्षित थाना मुस्करा लेकर आई और उनके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चियां कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं। इसके बाद थाना पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने व्यापक स्तर पर खोजबीन शुरू की और अथक प्रयासों के बाद बच्चियों के परिजनों का पता लगा लिया। संपर्क करने पर परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चियां उनकी पुत्रियां हैं। बच्चियों की माता ने बताया कि वह मथुरा स्थित एक ईंट-भट्टे से वापस मुस्करा स्थित अपने घर आई थीं। घर पहुंचने के बाद वह घरेलू कार्यों में व्यस्त हो गईं, जबकि दोनों बच्चियां बाहर खेल रही थीं। खेलते-खेलते वे घर से निकलकर मुस्करा चौराहे तक पहुंच गईं। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बालिकाओं को उनकी माता, बड़े पिता और चाचा के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर बच्चियों को सकुशल उनके परिवार के साथ रवाना कर दिया।
