हमीरपुर | जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ मुस्करा थाना क्षेत्र के हुसैना गांव में एक बाइक और ई-रिक्शा के बीच इतनी जोरदार भिड़ंत हुई कि टक्कर लगते ही दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे और पूरी तरह राख के ढेर में तब्दील हो गए। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से झुलस गया है, जबकि ई-रिक्शा चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक जिसका नाम गोविंदा बताया जा रहा है, वह हुसैना गांव में आयोजित एक धार्मिक यज्ञ के भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने आया था। भंडारे से लौटते समय उसकी बाइक की टक्कर सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा से हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों वाहनों की टंकियों में संभवत ब्लास्ट हुआ और तत्काल आग लग गई आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बाइक सवार गोविंदा उसकी चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। वहीं, गनीमत रही कि ई-रिक्शा चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन वह हादसे के बाद डरकर मौके से फरार हो गया। आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने जब दोनों वाहनों को धूं-धूं कर जलते देखा तो तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे घायल गोविंदा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा लाया गया था। यहाँ डॉ. शिवजी गुप्ता ने उसका प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है
