Spread the love

सुमेरपुर हमीरपुर – नवीन गल्ला मंडी के निरीक्षण पर पहुंचे उपनिदेशक मंडी परिषद के समक्ष बुधवार को गल्ला तिलहन व्यापार संघ ने पारा रैपुरा और पंधरी में बिना लाइसेंस हो रही खरीद-फरोख्त का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। व्यापारियों ने अवैध खरीद तत्काल बंद कराने के साथ मंडी की जर्जर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की मांग भी रखी। उपनिदेशक ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। झांसी मंडल से आए उपनिदेशक मंडी परिषद संजय सिंह ने बुधवार दोपहर नवीन गल्ला मंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गल्ला तिलहन व्यापार संघ के अध्यक्ष महेश गुप्ता और उपाध्यक्ष श्यामबाबू पांडे ने पारा रैपुरा व पंधरी क्षेत्र में बिना लाइसेंस खुलेआम हो रही खरीद-फरोख्त पर कड़ी आपत्ति जताई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इन स्थानों पर नियमों को दरकिनार कर अवैध खरीद की जा रही है, जिससे मंडी व्यवस्था प्रभावित हो रही है और राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है। संघ ने तत्काल प्रभाव से इस पर रोक लगाने की मांग की। व्यापार संघ ने मंडी परिसर की बदहाल व्यवस्थाओं को भी उपनिदेशक के सामने रखा। व्यापारियों ने ध्वस्त पड़ी सड़कों की मरम्मत, टूटी बाउंड्रीवाल के निर्माण, नए गोदाम के निर्माण, पेयजल समस्या के समाधान के लिए चार नए हैंडपंप लगवाने तथा किसानों के लिए मंडी परिसर में कैंटीन खोले जाने की मांग की।
उपनिदेशक संजय सिंह ने व्यापार संघ की समस्याएं सुनने के बाद आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान मंडी सचिव ब्रजेश कुमार निगम, लिपिक राकेश कुमार वर्मा, कुलदीप गुप्ता, सुनील कुमार ओझा, बउआ गुप्ता, राघवेंद्र पांडे, कुंजबिहारी पांडे और पवन पांडे सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद उपनिदेशक मौदहा के लिए रवाना हो गए।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *