हमीरपुर– ग्राम पंचायत टीहर के प्राथमिक विद्यालय चिकसोना में गुरुवार को नवीन विद्यालय भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि करीब चार से छह माह पहले वह गांव आए थे। उस समय विद्यालय भवन की स्थिति काफी जर्जर थी। उन्होंने ग्रामीणों और शिक्षकों से विद्यालय का नया भवन बनवाने का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामवासियों की विभिन्न मांगों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन देते हुए विद्यालय के विकास में सहयोग की अपील की।विधायक ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और अच्छा शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमीरपुर में पिछले चार वर्षों में करीब 250 विद्यालयों का निर्माण कराया गया है, जबकि 103 विद्यालयों के निर्माण के प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं। भूमि पूजन के बाद विद्यालय परिसर में अतिथियों एवं ग्रामीणों ने पीपल समेत अन्य पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मुस्करा वीर नारायण राजपूत, जिला पंचायत सदस्य दिनेश सिंह उर्फ पप्पू सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मुस्करा रामगोपाल वर्मा, प्रधानाध्यापक उमेश कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष कामता प्रसाद सहित एसएमसी सदस्य, नोडल संकुल शिक्षक रवि कुमार प्रजापति, रामकृपाल, मिथलेश राजपूत , बाबूराम चक्रवर्ती,संदीप कुमार, कुलदीप कुमार, रामऔतार प्रजापति, बीरपाल प्रजापति, चंद्र शेखर विश्वकर्मा, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन राम कुमार राजपूत ने किया।प्रधानाध्यापक उमेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
