Spread the love

हमीरपुर। जिले के जरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बौखर में हुए बहुचर्चित हत्याकांड का सात महीने बाद भी खुलासा न होने पर अब लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। शनिवार को सरीला तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान अखिल भारतीय लोधी लोधा राजपूत महासभा ने इस मामले को जोर-शोर से उठाते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और आंदोलन की चेतावनी दी। गौरतलब है कि 20 सितम्बर 2025 को अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर शीला देवी पत्नी नंदराम लोधी की निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद से अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं और मामले का कोई ठोस खुलासा नहीं हो सका है। सात महीने बीत जाने के बावजूद जांच में प्रगति न होने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। समाधान दिवस में संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक और जिलाधिकारी अभिषेक गोयल को सौंपते हुए आरोप लगाया कि जरिया पुलिस की कार्यप्रणाली बेहद लापरवाह रही है। संगठन का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो अब तक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता था। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ, तो वह सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा। पदाधिकारियों ने कहा कि न्याय में देरी, न्याय से इंकार के बराबर है और इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पूरे मामले ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस बढ़ते दबाव के बीच क्या कदम उठाता है और कब तक इस गुत्थी को सुलझा पाता है। इस मौके पर रूपसिंह, रामपाल लोधी, प्रेमचंद, प्रकाश चंद्र, नंदराम, पवन कुमार, परशुराम, अतीस कुमार, प्रवेश, धर्मपाल, आशीष कुमार, शीलू, यशपाल आदि संगठन के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *