हमीरपुर। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त अभियान चलाया गया। जिसमे बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज निरीक्षक, राठ क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी अभिमन्यु कुमार व पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने राठ क्षेत्र स्थित राठ-उरई स्टैंड पर अभियान चलाकर तीन ट्रकों को पकड़ लिया, जिनमें बिना वैध प्रपत्र के बालू परिवहन किया जा रहा था।
जांच के दौरान वाहन संख्या यूपी 91 टी 7173 में 20 घनमीटर, यूपी 91 टी 0091 में 25 घनमीटर और यूपी 91 एटी 1994 में 25 घनमीटर बालू बिना वैध दस्तावेजों के पाई गई। मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले वाहन पर 47,800 रुपये जबकि अन्य दो वाहनों पर 53,500 ₹53,500 का जुर्माना लगाया गया। तीनों वाहनों को सीज कर दिया गया है और संबंधित वाहन स्वामियों से जुर्माना वसूला गया। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना परमिट परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसे संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन की इस सख्ती को लेकर आम जनता में संतोष देखा जा रहा है।
