राठ (हमीरपुर)। सरकार द्वारा जनसुविधा के लिए लाखों रुपये खर्च कर विकास कार्य तो कराए जा रहे हैं, लेकिन विभागीय अनदेखी और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी के चलते ये योजनाएं धरातल पर दम तोड़ती नजर आ रही हैं। कस्बे के चरखारी रोड स्थित सिकंदपुरा का है, जहाँ सैनी समाज के लिए बनाई गई बारातशाला पहुँच मार्ग न होने के कारण अनुपयोगी साबित हो रही है। 2024-25 में सिकंदपुरा में एक भव्य बारातशाला का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। स्थानीय सैनी समाज को उम्मीद थी कि इस भवन के बनने से उन्हें शादी विवाह और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए निजी मैरिज गार्डनों के महंगे खर्च से मुक्ति मिलेगी। निर्माण तो पूरा हो गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने मुख्य मार्ग से बारातशाला तक सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया। बरसात के मौसम में पूरा इलाका टापू बन जाता है, जिससे बारातशाला तक पहुँचना नामुमकिन हो जाता है।रास्ते में भारी कीचड़ और जलभराव के कारण सैनी समाज यहाँ बारातें नहीं रोक पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारातशाला होने के बावजूद उन्हें मजबूरी में लाखों रुपये खर्च कर निजी पैलेस बुक करने पड़ रहे हैं।
मोहल्लेवासियों और सैनी समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी से कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की गई है। लेकिन आश्वासन के सिवा अब तक कुछ हाथ नहीं लगा। केवल समाज ही नहीं, बल्कि मोहल्ले के लगभग एक सैकड़ा से अधिक परिवार सड़क न होने से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी, लेकिन रास्ते के बिना यह सिर्फ एक ढांचा बनकर रह गई है।
सिकंदपुरा के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बारातशाला तक सीसी रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग हो सके और समाज के गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों को इसका लाभ मिल सके।
