सुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के बांदा बस स्टैंड के समीप स्थित प्राचीन धराजी बाबा स्थल पर कथित रूप से भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों पुराने इस धार्मिक स्थल को सांठगांठ कर बेच दिया गया और अब वहां आलीशान कोठी का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह स्थान लंबे समय से आस्था का केंद्र रहा है, जहां क्षेत्रीय लोग पूजा-अर्चना करते थे। लेकिन बीते कुछ समय से इस जमीन पर कुछ प्रभावशाली लोगों की नजर थी। आरोप है कि नगर पंचायत की सत्ता से जुड़े कुछ लोगों के संरक्षण में इस भूमि का सौदा कर दिया गया, जबकि भूमि के स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज सामने नहीं आया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिना किसी स्पष्ट अभिलेख के धार्मिक स्थल को निजी संपत्ति बताकर कब्जा कर लेना गंभीर मामला है। लोगों में इसको लेकर आक्रोश व्याप्त है और यह मुद्दा पूरे कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है। कई सामाजिक संगठनों ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से जांच की मांग की है।
वहीं, निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिससे लोगों में यह आशंका बढ़ रही है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह ऐतिहासिक स्थल पूरी तरह समाप्त हो सकता है। नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि धार्मिक आस्था से जुड़े इस स्थल को संरक्षित किया जा सके।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
