Spread the love

हमीरपुर | – मुस्करा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसल बर्बाद होने, कर्ज के दबाव और बेटी की शादी की चिंता के चलते एक किसान ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहाड़ी गांव निवासी 45 वर्षीय किसान चंद्रशेखर पुत्र दयाराम के पास करीब ढाई बीघा जमीन थी। बीते दो सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण उनकी गेहूं की फसल लगभग पूरी तरह नष्ट हो गई थी, जिससे वह काफी परेशान थे। परिजनों ने बताया कि किसान पर इंडियन बैंक का करीब 50 हजार रुपये का कर्ज था, जबकि गांव के साहूकारों से भी 50 से 60 हजार रुपये उधार लिया गया था। इसके साथ ही बेटी की शादी की जिम्मेदारी और दहेज की मांग ने उनकी चिंता को और बढ़ा दिया था।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 8:30 बजे वह घर के अंदर सोने के लिए गए थे। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने जाकर देखा तो वह कमरे में लटके मिले। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। मृतक अपने पीछे 12 वर्षीय पुत्र सूर्यांश, 22 वर्षीय पुत्री कोमल और पत्नी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में हुई बारिश से करीब 40 प्रतिशत किसान प्रभावित हुए हैं और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है। अब पीड़ित परिवार को सहायता और प्रभावित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *