हमीरपुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवस पर आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार ने रोल आब्जर्वर के रूप में जनपद हमीरपुर की तहसील राठ स्थित जीआरवी (गांधी राष्ट्रीय विद्यालय) इंटर कॉलेज एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में स्थापित मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों की उपस्थिति तथा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, अपात्र एवं मृतक मतदाताओं के नाम अपमार्जित कराने और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की स्थिति का जायजा लिया। उपलब्ध विवरण के अनुसार संबंधित मतदेय स्थलों पर कुल 45 फॉर्म-6, 09 फॉर्म-7 एवं 10 फॉर्म-8 प्राप्त हुए।आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान दिवस के दौरान निर्धारित समय तक सभी मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन कराने में सहयोग प्रदान करें। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से संबंधित आवेदनों को नियमानुसार प्राप्त कर उनकी जांच एवं निस्तारण समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए। साथ ही नागरिकों को अपनी मतदाता सूची की प्रविष्टि जांचने के लिए जागरूक किया जाए। केवल मतदाता पहचान पत्र (EPIC) होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना भी आवश्यक है।
आयुक्त ने निर्वाचन कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से संपादित करने तथा विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।



