सरीला (हमीरपुर)। थाना जलालपुर क्षेत्र के भेड़ी डांडा गांव में शुक्रवार रात अज्ञात कारणों से कच्चे मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से मकान में बंधी एक बकरी और भैंस के बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया भेड़ी डांडा गांव निवासी जमुना खंगार पुत्र शंभू खंगार रोज की तरह शुक्रवार रात परिजनों के साथ खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 11 बजे अचानक उनके कच्चे मकान में आग लग गई। आग की लपटें देखकर मोहल्ले के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक मकान में बंधी एक बकरी और भैंस के बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।



