हमीरपुर। आगामी विधानसभा निर्वाचन को निष्पक्ष एवं प्रलोभन-मुक्त संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय आसूचना समिति की बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक भी मौजूद रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र 228-हमीरपुर और 229-राठ में निर्वाचन व्यय संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान पूर्व चुनावों की घटनाओं और बरामदगी के आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने नकदी, अवैध शराब, मादक पदार्थ, सोना-चांदी और अन्य प्रलोभन सामग्री की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने जनपद की सीमाओं और संभावित परिवहन मार्गों पर सतर्कता बढ़ाने के साथ बैंकों में संदिग्ध लेन-देन पर भी नजर रखने के निर्देश दिए। पुलिस, आबकारी, आयकर, राज्य कर, बैंकिंग और नारकोटिक्स विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लाइंग स्क्वाड और स्टैटिक सर्विलांस टीमों की तैनाती की संस्तुति तैयार करने तथा विधानसभा क्षेत्रवार रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



